देश की राजधानी दिल्ली के डाबड़ी इलाके में सीसीटीवी पर काले रंग का स्प्रे कर चोर साढ़े तीस लाख से भरा एटीएम मशीन उखाड़ ले गए। एटीएम बूथ पर कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं था।
मशीन की सुरक्षा करने वाली कंपनी के सुपरवाइजर की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि महावीर एंक्लेव के डी ब्लॉक में स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम मशीन को चोर उखाड़ कर ले गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एटीएम की सुरक्षा करने वाली कंपनी के सुपरवाइजर संदीप कुमार मौजूद था। उसने बताया कि उसकी कंपनी एटीएम मशीनों की देखभाल करती है।