सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क में पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम और बॉलीवुड गायक मोहित चौहान ने लाइव म्यूजिकल कंसर्ट-असली रॉक स्टार्स में अपने गीत पर साइबर सिटी को झुमाया।
पूरा मैदान दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था। दोनों गायकों को देखने और उन्हें सुनने के लिए युवाओं में बैचेनी थी। उनकी आवाज सुनते ही लोगों को युवाओं ने जबरदस्त चीयर्स किए और इस पल को कैमरे में कैद करते रहे।
शाम ढलते साथ ही युवाओं का जमावड़ा सेक्टर-29 लेजरवैली पार्क की ओर बढ़ने लगे थे। लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किया था। जिनके पास टिकट या पास थे, वो उत्साह के साथ लाइव कंसर्ट में प्रवेश किए।
जिन्हें टिकट या पास नहीं मिले, वो आखिरी समय तक अंदर प्रवेश करने के लिए हर जुगाड़ में लगे रहे। अंतिम समय में जब युवाओं को टिकट नहीं मिली तो पेड़ों और ऊंची जगहों पर बैठ कर देखने की जुगत में थे।
शाम साढ़े छह बजे से पहुंचने वाले आतिफ असलम करीब रात नौ बजे पहुंचे। आतिफ असलम के सुनने का इंतजार कर रहे दर्शकों की बेसब्री वक्त के साथ बढ़ती जा रही थी। इस बीच बॉलीवुड किंग शाहरूख खान के ऑफिसियल डीजे खुशी ने पॉप संगीत पर लोगों को झुमाया। डीजे खुशी ने चिटइयां कमइयां..., जादू है मशप... समेत कई गीत प्रस्तुत किए। इसके बाद रेड-एफएम के एंकरों ने भी लोगों को खूब हंसाया।
जैसे ही स्टेज पर बॉलीवुड गायक मोहित चौहान स्टेज पर पहुंचे, युवाओं में जोश और उत्साह भर गया। सभी के कदम खुद ब खुद थिरकने लगे। लड़के-लड़कियां सभी चीयर्स कर रहे थे। कुछ उम्रदराज लोग भी लाइव कंसर्ट देखने के लिए पहुंचे थे। म्यूजिक की धुन बजते ही उनके कदम थिरकने लगे थे।
मोहित चौहान ने अपने ऑल टाइम फेवरेट गाना ‘पी लू..तेरे नैनो से पिलू..’,‘ओ नादां परिंदे घर आ जा..’, ‘ईलाही मेरा जी आए..’ से युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
मोहित चौहान के आधे घंटे के शो के बाद आतिफ असलम के पहुंचने से पहले पूरा मैदान आतिफ..आतिफ की आवाज से गूंज रहा था। आतिफ के स्टेज पर आते ही युवाओं में जबरदस्त क्रेज दिखा। गोल्ड कैटेगरी लेकर लाइव कंसर्ट का आनंद ले रहे लोग कूद कर आने को तैयार थे। आतिफ ने ‘बा..खुदा तुम्ही हो..’, ‘वो लम्हे वो बाते, कोई न जाने..’, ‘दूरी सही जाए न..’, ’तुम किस गली में..‘ समेत कई गीत प्रस्तुत किए। हर गाने के बाद श्रोताओं से वंस मोर..वंस मोर की गूंज उठती थी।
गुड़गांव में दिल्ली का जिक्र
लाइव कंसर्ट गुड़गांव के लेजर वैली पार्क में हो रहा था, लेकिन आयोजक से लेकर गायक तक सभी दिल्ली का जिक्र कर रहे थे। एंकर भी दिल्ली की ऑडियंश कही रही थी। गायक मोहित चौहान और आतिफ असलम ने मंच से कहा कि दिल्ली की ऑडियंश में जबरदस्त रिस्पांस दिया। इसके लिए वो तहे दिल से शुक्रगुजार है।
जबरदस्त सिक्योरिटी
युवाओं की भीड़ कंट्रोल करने के लिए जबरदस्त सिक्योरिटी थी। गेट से अंदर तक पहुंचने पर चार जगहों पर टिकट चेक किए जा रहे थे। लोगों के बैठने की जगह नहीं होने पर कई थककर जमीन में ही बैठ गए।