झुग्गीवासियों को पहले घर मिले, उसके बाद ही झुग्गियां हटेंगी। माकपा नेता बृंदा करात ने यह चेतावनी दी है। वे बुधवार को नोएडा प्राधिकरण के गेट पर झुग्गीवासियों के प्रदर्शन में शामिल हुईं।
धरना-प्रदर्शन के बाद झुग्गीवासियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा। माकपा नेता बृंदा करात ने कहा कि प्राधिकरण ने सेक्टर-122 में निर्मित फ्लैटों की जो कीमत तय की है वह झुग्गीवासियों की पहुंच से बाहर है।
उसे और कम करके झुग्गीवासियों को शीघ्र आवंटित कर देना चाहिए। अगर प्राधिकरण ये भी नहीं कर सकता है तो झुग्गियों को वैधता देकर मूलभूत सुविधाएं दें। उन्होंने जिले में पंचायत चुनाव न कराने पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया।
माकपा नेता ने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की। नोएडा झुग्गी-झोपड़ी संयुक्त पुनर्वास मंच के बैनर तले आयोजित यह धरना-प्रदर्शन सुबह 11 बजे से दोपहर करीब डेढ़ बजे तक चला।