जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि घर में चोरी और सेंधमारी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पालम गांव थाना पुलिस की एक टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त मुखबिरों को सक्रिय किया। पुलिस टीम ने सभी घटनाओं की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की। इसी बीच पुलिस को फुटेज में दिख रहे एक आरोपी के पालम गांव के रेलवे स्टेशन इलाके के पास मौजूद होने की जानकारी मिली।
जहां पहुंचकर पुलिस ने जेजे कॉलोनी द्वारका निवासी 34 साल के लकी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक चोरी की पानी की मोटर भी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर सेंधमारी के अन्य मामलों से जुड़ी और भी चोरी की संपत्ति बरामद की।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि वह आरोपी लकी शराब का आदी है। वह पहले गुरुग्राम में एक असिस्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट के तौर पर काम करता था, लेकिन लगभग तीन महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी। उसके बाद अपनी शराब की लत पूरी करने और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने के लिए चोरी और सेंधमारी करने लगा। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी से चार मामले सुलझाने का दावा किया है।