मोहन गार्डन इलाके में शराब की खेप पकड़ने गई आबकारी टीम के एक हवलदार पर शराब तस्कर ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर उसे घायल कर दिया। हमलावरों ने हवलदार से न केवल मारपीट की बल्कि उस पर ईंट पत्थरों से हमला किया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हवलदार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इसके बाद छापा मारकर मौके से शराब के 168 पौवे बरामद किए। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट करने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार घायल हवलदार का नाम परमजीत (37) के रूप में हुई। वह आबकारी विभाग में कार्यरत है। बुधवार सुबह परमजीत को मोहन गार्डन के एक मकान में भारी मात्रा में शराब होने की जानकारी मिली थी। वह सिपाही बृजेश के साथ उक्त मकान पर पहुंचा जहां राकेश नाम का व्यक्ति मिला। हवलदार ने उसे बताया कि उसके घर में अवैध शराब होने की जानकारी मिली है।
यह सुनते ही राकेश गुस्से से आग बबूला हो गया और फोन पर किसी से बात करते हुए जाने लगा। परमजीत भी उसके पीछे पीछे गया। गली में चार पांच लोग खड़े थे जिन्हें राकेश ने आवाज देकर बुलाया। सभी के वहां आने पर राकेश ने परमजीत से मारपीट शुरू कर दी।
अन्य लोग भी उसकी पिटाई करने लगे और उस पर ईंट व पत्थर फेंके। किसी तरह परमजीत ने अपनी जान बचाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया। उसके सिर, नाक और मुंह में हाथ और पसली पर चोट लगी थी।