कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान ने ‘आप’ नेता संजय सिंह के जिस स्टिंग का दावा किया था, उसे शुक्रवार को नहीं दिखाया। पूर्व विधायक ने एक पेन ड्राइव दिखाते हुए कहा कि मेरे पास स्टिंग है लेकिन जारी इसलिए नहीं कर सकता क्योंकि उससे एक मीडिया के संपादक की नौकरी जा सकती है। स्टिंग वाली मुलाकात नोएडा में एक संपादक के घर पर होने का दावा आसिफ ने किया है।
पत्रकार वार्ता में आसिफ ने कहा कि मेरे पास अरविंद केजरीवाल का एक और स्टिंग है। यह स्टिंग भी पेन ड्राइव में है। मैंने अपनी घड़ी के जरिये यह स्टिंग किया। जिस संपादक के घर बैठक हुई थी, उनका कैरियर बर्बाद नहीं करना चाहता। फिर मेरी पार्टी की तरफ से निर्देश नहीं हैं, सही समय पर हम यह स्टिंग जारी करेंगे।
पूर्व विधायक ने संजय सिंह के स्टिंग के मामले में कहा है कि मुझे पैसे ऑफर नहीं किए थे। संजय ने गठबंधन के लिए माहौल बनाने को कहा था लेकिन मैने तीन दिन में ही बता दिया था, ये नहीं हो सकता। इस पर संजय ने मुझसे कहा था कि आसिफ साहब आप चार मुसलमान हैं, आपको मोदी सरकार को जरूर रोकना चाहिए। पूर्व विधायक ने कहा कि ‘आप’ के चरित्र और चाल में बहुत फर्क है। केजरीवाल दूसरी पार्टी की तरह ही मजहबी बातें उस स्टिंग में कर रहे हैं।