मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली सरकार 71 लाख राशन कार्ड धारकों के अलावा ऐसे लोगों को भी राशन दे रही है, जिनका राशन कार्ड नहीं है। स्कूलों में भी राशन बांटे जा रहे हैं। लेकिन अभी थोड़ी दिक्कत आ रही है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि अगले दो तीन दिन में सब ठीक हो जाएगा। सब्र रखें, दिल्ली सरकार सबको राशन मुहैया कराएगी।
खर्च में और कटौती कर सकती है सरकार
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली सरकार अभी अपने खर्चों में और भी कटौती कर सकती है। केजरीवाल के मुताबिक, दिल्ली सरकार को तकरीबन टैक्स नहीं मिल रहा है। इसका असर राजस्व पर पड़ा है। बुधवार को फैसला लिया गया था कि वेतन और कोरोना वायरस से जुड़ी योजनाओं को लागू करने के अलावा दूसरे कोई काम नहीं होंगे। उनका कहना है कि आगे और भी कटौती करनी पड़ेगी। जब-जब सरकार यह कदम उठाएगी, उसकी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने लोगों से अपील की कि वह घर से निकलें तो मास्क जरूर पहनें। वहीं, जिन 21 इलाकों को सील किया गया है, वहां के लोग सरकार को सहयोग करें। यह कदम लोगों की जान बचाने के लिए ही उठाया गया है।