केजरीवाल ने चुनाव के दौरान विभिन्न दलों के नेताओं की कड़वी बातें भुलाने की अपील करते हुए कहा कि मैं सभी के साथ मिल कर काम करना चाहता हूं। अब चुनाव खत्म हो गए हैं। चुनाव में राजनीति होती है और हुई भी। हमारे लिए चुनाव में जिसने जो कुछ भी कहा, उसके लिए हमने उन्हें माफ कर दिया है।
केंद्र के साथ मिलकर दिल्ली को आगे ले जाना चाहता हूं
केजरीवाल ने केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने की पहल करते हुए कहा, ‘मैं केंद्र के साथ मिलकर दिल्ली को आगे ले जाना चाहता हूं। शपथ ग्रहण समारोह का मैंने प्रधानमंत्री को भी न्योता भेजा था, मगर वह किसी अन्य कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण नहीं आ सके। मैं दिल्ली को आगे बढ़ाने और इसे दुनिया का सबसे अच्छा शहर बनाने के लिए प्रधानमंत्री का भी आशीर्वाद चाहता हूं।
दिल्ली वालों ने शुरू की नई राजनीति
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली वालों ने एक नई तरह की राजनीति की शुरुआत की है। दिल्लीवालों ने विकास की राजनीति की शुरुआत की है। पूरे देश में नई राजनीति का डंका बज चुका है। स्कूल, चौबीस घंटे बिजली, अच्छी सड़कों, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्ट्रचार मुक्त, 21वीं सदी के भारत, मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य की राजनीति को जन्म दिया है। सबके साथ मिलकर दिल्ली को खूबसूरत बनाना है।
मुफ्त योजना को लेकर विरोधियों पर पलटवार
केजरीवाल ने अपने भाषण के दौरान विरोधियों द्वारा प्रचंड जीत को लेकर किए जा रहे कटाक्ष पर भी पलटवार किया। केजरीवाल सरकार द्वारा दिल्लीवासियों को दी जा रही मुफ्त बिजली-पानी और महिलाओं के लिए फ्री बस सुविधा को लेकर विरोधी तंज कस रहे हैं। विरोधियों का कहना है कि केजरीवाल की वापसी इन्हीं मुफ्त की योजनाओं के दाम पर हुई है। इस पर पलटवार करते हुए केजरीवाल ने कहा कि दुनिया में जितनी भी अनमोल चीजें हैं उसे भगवान ने सबको मुफ्त में दिया है।