पश्चिम बंगाल में केंद्र व राज्य सरकार के बीच छिड़े सियासी घमासान के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से अपील की है कि लोकतंत्र को बचाने को लिए लोक सभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ वोट करें।
एक बयान जारी कर केजरीवाल ने सवाल किया है कि बिना वारंट के सीबीआई के 40 लोगों की टीम का एक राज्य के पुलिस कमिश्नर के घर में घुस जाना क्या गैर कानूनी नहीं है? क्या यह लोकतंत्र के खिलाफ नहीं है? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार से लड़ना चाहते हैं तो उन्होंने विजय माल्या और नीरव मोदी को देश से बाहर क्यों जाने दिया? राफेल घोटाले की जांच क्यों नहीं करवाई?
केजरीवाल ने आगे लिखा कि उनके ऊपर केंद्र सराकर ने 33 केस करवा रखे हैं। घर पर भी पुलिस की रेड करवाई, बेडरूम-रसोई तक की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि उन्होंने कौन सा भ्रष्टाचार किया है? केजरीवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की तरह ही चार साल पहले दिल्ली में भी अर्द्ध सैनिक बल भेजकर एंटी-करप्शन ब्यूरो का दफ्तर घेर लिया था।
यह संघीय ढांचे पर हमला है। राज्य सरकारों के अपने कुछ संविधानिक अधिकार होते हैं। प्रधानमंत्री केंद्र के अधीन आने वाले सरकारी संस्थानों का दुरुपयोग कर राज्य सरकारों के अधिकारों का हनन करने की कोशिश करेंगे, तो ये देश नहीं बचने वाला।