आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को रोड शो के दौरान एक अनजान शख्स ने मुक्का मारा। दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके में रोड शो के दौरान एक शख्स ने केजरीवाल को तेज मुक्का मारा। हालांकि अब तक पता नहीं चल पाया है कि वह शख्स कौन था, और उसने क्यों केजरीवाल पर हमला किया।
केजरीवाल के मना करने के बाद भी पार्टी समर्थकों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यह पहला मौका नहीं जब किसी ने केजरीवाल के उपर हमला किया है। 28 मार्च को हरियाणा में रोड शो के दौरान भी एक शख्स ने केजरीवाल को तमाचा मारा था। वह अपने आप को अन्ना हजारे का समर्थक बता रहा था। वह शख्स हरियाणा के भिवानी जिले का रहने वाला था।
इससे पहले केजरीवाल जब बनारस गए थे तब भी कुछ लोगों ने उनपर अंडे फेंके थे। साथ में केजरीवाल और पार्टी के अन्य नेताओं पर काली स्याही भी फेंकी थी।
उस शख्स को दक्षिणपुरी थाने में ले जाया गया है। हालांकि इसका अबतक खुलासा नहीं हो पाया है कि वह व्यक्ति किसी पार्टी या संगठन से ताल्लुक रखता है या नहीं। पुलिस उससे पुछताछ कर रही है।