लगातार तीन चुनावों में हार और पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के खुलासों से बिगड़ी अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की छवि को सुधारने के लिए अब एक नया कदम उठाया जा रहा है। इसके तहत अब खुद सीएम और उनके मंत्री लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
केजरीवाल ने हर सोमवार से शुक्रवार को सुबह 10 से 11 बजे तक का समय आम जनता से मिलने के लिए रखा है। इसके तहत दिल्लीवासी बिना अपॉइनमेंट के मुख्यमंत्री के साथ ही मंत्रियों और अधिकारियों से मिलकर अपनी परेशानी बता सकेंगे।
केजरीवाल ने अपने मंत्रियों और अधिकारियों को भी ये आदेश दे दिया है कि इस एक घंटे में वो अपनी एक भी बैठक ना रखें। सरकार के इस नए कवायद की जानकारी डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने आज दी।
इस बारे में बताते हुए मनीष ने बताया कि उन्हें जनता से कई शिकायतें मिली हैं कि अधिकारी आसानी से ना ही मिलते हैं ना ही उनकी शिकायत सुनी जाती है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में पिछले काफी समय से गवर्नेंस प्रभावित हो रहा है। इसीलिए शायद अब दिल्ली सरकार पूरी तरह से काम पर ध्यान देना चाहती है।
केजरीवाल ने एक बार फिर जनता के बीच जाने का फैसला किया है
केजरीवाल और सिसोदिया
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के नगर निगम चुनावों में अपेक्षित सफलता न मिल पाने और दिल्ली सरकार के एक पूर्व मंत्री की तरफ से लगाये जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर जनता के बीच जाने का फैसला किया है।
केजरीवाल दिल्ली के अलग-अलग इलाकों व समुदायों के बीच जन संवाद कार्यक्रम करेंगे। इसकी शुरुआत 25 मई को मटियाला और नजफगढ़ इलाके के किसानों के साथ होगी। इसके बाद दूसरे इलाकों में कार्यक्रम का विस्तार होगा। वहीं, इस बीच पार्टी को बूथ स्तर तक ले जाने के लिये संगठन तैयार किया जायेगा।
आम आदमी पार्टी (आप) प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में मीडिया को बताया कि दिल्ली के लोगों से बेहतर जुड़ाव और संवाद के लिए संगठन निर्माण पर काम शुरु हो गया है। दिल्ली के 3,700 पोलिंग स्टेशनों में 3000 पर पर मंडल अध्यक्षों की तैनाती हो गयी है।
जल्द ही बचे मंडल अध्यक्षों की नियुक्तियां कर दी जायेंगी। कोशिश मेरा बूथ, सबसे मजबूत अभियान के तहत दिल्ली में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की है। इसमें मुख्यमंत्री से लेकर वार्ड स्तर तक के पदाधिकारी अपने बूथ पर काम करेंगे।
गोपाल राय ने ली ये जिम्मेदारी
गोपाल राय ने बताया कि इसके तहत उन्होंने खुद अपनी विधानसभा बाबरपुर में बूथ नंबर 139 पर संगठन बनाने की जिम्मेदादी ली है। मंडलल अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ ही आने वाले दिनों में सभी विधानसभाओं में जिला अध्यक्ष विधायकों, पार्षदों और पार्षद के उम्मीदवार रहे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
15 जून तक सभी 13,372 बूथों पर क्षेत्रीय अध्यक्षों की नियुक्तियां भी की जाएंगी। पहला चरण 15 जून तक पूरा हो जायेगा। गोपाल राय ने बताया कि दूसरे चरण में 15 जून से राजधानी की हर विधानसभा में अलग-अलग तारीखों पर कार्यकर्ता सम्मेलन होगा।
इसमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ वह खुद भी मौजूद रहेंगे। वहीं, इसी बीच केजरीवाल का 25 मई से जनसंवाद कार्यक्रम शुरू हो रहा है। लैंड पूलिंग पॉलिसी पर वह मटियाला और नजफगढ़ इलाके में किसानों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद इसी तरह का कार्यक्रम दूसरे इलाकों में भी होगा।