दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'करीब 40 लोगों को आरोपी बनाया गया था और सिर्फ दो लोग आज जेल में बचे थे, इसलिए जमानत तय थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की जांच एजेंसियों के बारे में जो कहा वो केंद्र सरकार के लिए बड़ी फटकार है। सुप्रीम कोर्ट ने कह दिया कि अरविंद केजरीवाल को जेल में रखने के लिए केंद्र सरकार की एजेंसी ये षड्यंत्र कर रही थी। केंद्र सरकार के गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।'
सीएम अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'आप परिवार को बधाई! मजबूत बने रहने के लिए बधाई। हमारे अन्य नेताओं की जल्द रिहाई की भी कामना करती हूं।'
सुप्रीम कोर्ट द्वारा अरविंद केजरीवाल को ज़मानत दिए जाने पर आम आदमी पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान आप नेता संजय सिंह ने कहा, 'पहले दिन से ही हम लोग कह रहे थे कि ये पूरा मामला झूठ की बुनियाद पर खड़ा किया गया है और इस झूठ को फैलाने में मोदी की सरकार जिम्मेदार है। लेकिन मनीष सिसोदिया की रिहाई, उसके बाद बाकि सारे लोगों की रिहाई और आज अरविंद केजरीवाल की रिहाई ने ये साबित कर दिया है कि भाजपा के झूठ का पहाड़ ध्वस्त हो चुका है।'
मनीष सिसोदिया ने कहा, 'आज सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी को बहुत बड़ा संदेश दिया है कि तुम्हें अपनी तानाशाही बंद करनी पड़ेगी। सुप्रीम कोर्ट का आदेश भाजपा के मुंह पर कड़ा तमाचा है कि आप एजेंसियों का गलत उपयोग कर रहे हैं। भारत में अगर किसी की चलेगी तो देश के संविधान की चलेगी। सुप्रीम कोर्ट के फैसले में ये साफ होता है कि सीबीआई जानबूझकर अरविंद केजरीवाल को जेल के अंदर रखने की मंशा के तहत गिरफ्तार कर रही थी। ये मंशा भाजपा की थी इसलिए जब ईडी के केस से वह बाहर आने वाले थे तब उन्हें सीबीआई द्वारा गिरफ्तार करवाया गया। आज भाजपा को माफी मांगनी चाहिए।'