भाजपा पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप, 2027 चुनाव में जवाब देगी आप
मंत्री संजीव अरोड़ा पर रेड को बताया दबाव की राजनीति
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
पंजाब में मंत्री संजीव अरोड़ा पर ईडी की कार्रवाई होने पर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब दबाव में नहीं आएगा और जनता इसका जवाब देगी।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने संजीव अरोड़ा के घर ईडी की कार्रवाई होने पर भाजपा और केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में केजरीवाल ने कहा कि ईडी का काम मनी लॉन्ड्रिंग की जांच करना है, लेकिन अब इसका इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और तोड़ने के लिए हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में संजीव अरोड़ा के यहां यह दूसरी रेड है, जबकि पहले भी कई जगह जांच हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं पर कार्रवाई बंद हो जाती है अगर वे भाजपा में शामिल हो जाएं, जो इन्कार करते हैं उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहती है।
पंजाब की जनता दबाव में नहीं आएगी
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की जनता पहले भी दबाव नहीं माना और आगे भी नहीं मानेगी। उन्होंने 2027 के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। वहीं, पार्टी के अन्य नेताओं संजय सिंह, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने भी केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि पंजाब में राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है, लेकिन राज्य की जनता इसका मुकाबला करेगी।