जंतर मंतर पर सभा करते आशुतोष के साथ केजरीवाल
- फोटो : जी पाॅल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। रविवार सुबह एक ट्वीट कर उन्होंने प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए लिखा कि गांधी परिवार को मोदी जी के कुछ राज पता है इसलिए, वो गांधी परिवा के किसी भी सदस्य के खिलाफ कभी कोई कार्यवाई नहीं करेंगे।
बता दें कि अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर खरीद मामले में हुई धांधली में कथित तौर पर कांग्रेस पार्टी के कुछ बड़े नेताओं के नाम सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।
इससे पहले भी केजरीवाल केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कह चुके हैं कि भ्रष्टाचार निरोधक शाखा को उनके हवाले कर दिया जाए तो वो दिखा देंगे कि ऐसे मामलों की जांच कैसे होती है।
बता दें कि शनिवार को आम आदमी पार्टी अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले को लेकर सड़क पर उतर आई। बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता प्रधानमंत्री आवास 7 आरसीआर और अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय की ओर विरोध प्रदर्शन के लिए कूच कर गए।
हालांकि, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही हिरासत में ले लिया था। पार्टी के बड़े नेता संजय सिंह, आशुतोष समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
Sources- Gandhi family has some secrets of Modi ji. That's why Modi ji will never be able to act against any member of Gandhi family— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 8, 2016
आप नेताओं समेत पूरी दिल्ली सरकार सड़क पर उतरी
- फोटो : जी पाॅल
धरने में आप नेताओं के अलावा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत लगभग पूरी कैबिनेट जंतर-मंतर पर सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। कुमार विश्वास भी लंबे समय बाद केजरीवाल के साथ मंच पर सरकार के खिलाफ बोलते नजर आए।
पहले से ही डिग्री को लेकर मोदी आम आदमी की पार्टी के निशाने पर हैं। अब पार्टी ने अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के दूसरे नेताओं पर कार्रवाई करने के मामले में फिर से मोदी पर निशाना साधा। केजरीवाल का इस धरने को संबोधित करने पर असमंजस था, लेकिन वे यहां पर पहुंचे।
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर एक दूसरे के भ्रष्टाचार को दबाना चाहती हैं। मगर हम ऐसा नहीं होने देंगे। नेता दिलीप पांडेय ने कहा कि हमारे विधायकों को छोटी-छोटी बातों पर केस दर्ज कर जेल भेजा गया।
फिर बीजेपी इतने बड़े घोटाले में चुप क्यों है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने इस पूरे मसले को जिंदा रखने में सियासी फायदा भी देख रही है। उसने शनिवार को भीड़ जुटाकर विपक्षियों को अपनी ताकत भी दिखा दी।
फिर पुराने अंदाज में दिखे आप नेता
- फोटो : जी पाॅल
कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे आप नेता आंदोलन के दौरान किए गए प्रदर्शनों के अंदाज में एक बार फिर दिखे। कई कार्यकर्ताओं ने रेस कोर्स मेट्रो स्टेशन के जरिये प्रधानमंत्री आवास तक पहुंचने की कोशिश की।
कार्यकर्ता गिरफ्तार न हों, सड़क पर लेटकर भी प्रदर्शन किया गया। जंतर मंतर पर धरना स्थल के पास मंच पर पीएम मोदी से सवाल करते हुए एक बैनर भी लगाया गया, जिसमें लिखा था,‘मोदी जी हेलीकॉप्टर घोटाले में आप सोनिया जी को क्यों बचा रहे हैं।’
ठीक ऐसे ही कार्ड कार्यकर्ताओं के पास सैकड़ों की संख्या में थे। पहले की ही तरह वे बेरीकेड पर चढ़कर पार करने की कोशिश भी की। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कई बार धक्कामुक्की हुई।