कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के सीलिंग के खिलाफ चलाए जा रहे न्याययुद्ध अभियान से भाजपा घबरा गई है। घर का सील तोड़कर भाजपा महज ड्रामेबाजी कर रही है। अगर दिल्ली वालों के लिए कुछ करना ही है तो सीलिंग को बंद किया जाए और सील किए गए प्रॉपर्टी को डी-सील किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सांसद व विधायक सीलिंग को नहीं रोक सकते तो इस्तीफा दें दे। मुकेश शर्मा ने सीलिंग के लिए आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार को भी घेरा। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जल्द सीलिंग की परेशानी से दिल्ली वालों को बचाने की मांग की।
तोड़ने के बजाए सीलिंग रुकवाए भाजपा : आप
सीलिंग तोड़ने पर आप ट्रेड विंग ने भी तंज कसते हुए कहा कि ताला तोड़ने के बजाय भाजपा सीलिंग रुकवाए और सील दुकानों को खुलवाए। केंद्र और एमसीडी में भाजपा की सरकार है। भाजपा पर हजारों सील की गई दुकानों के तालों को खोलने की जिम्मेदारी है। तोड़ने की जिम्मेदारी नहीं है। ताला तो कारोबारी भी तोड़ सकता है, लेकिन वे यह काम नहीं करते हैं। क्योंकि सभी को पता है कि ताला तोड़ता ‘कौन’ है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले ही बोल चुके है कि दिल्ली में अगर सातों सांसद हमारे होते तो दिल्ली में सीलिंग नहीं होने देते।