मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे तीन माह की छुट्टी लेकर विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने बताया कि मल्टीनेशनल कंपनी में काम कर रही उनकी बेटी भी छुट्टी लेकर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में प्रचार कर रही है। केजरीवाल बुधवार शाम द्वारका में आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। बाद में उन्होंने तिलकनगर जिले में भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में जिलास्तर तक के पदाधिकारी शामिल हुए।
केजरीवाल के मुताबिक, अन्ना हजारे कहते थे कि आदमी में अपमान को पीने की क्षमता होनी चाहिए। केजरीवाल ने इसके अनुसरण की सलाह देते हुए कहा कि हम सबको सभी मान-अपमान को भूलकर तीन माह चुनाव की तैयारी में लगना है। सबको मिलकर एक दूसरे की मदद करनी है। आप सरकार के साथ पूरे देश की उम्मीद लगी है।
केजरीवाल ने बताया कि लोग उनकी बेटी से कह रहे हैं, आप इतनी मेहनत क्यों कर रही हो। आप तो मुख्यमंत्री की बेटी हो। सीएम तो चुनाव जीत ही जाएंगे। उसने कहा वह मुख्यमंत्री के लिए नहीं, आजादी की दूसरी लड़ाई मेंआहुति देने आई हूं। इस मौके पर केजरीवाल ने केंद्र सरकार का बिना नाम लिए कहा कि उनको और उनके मंत्रियों को विदेश जाने नहीं दिया गया। साथ ही दिल्ली सरकार के कामों को भी सिलसिलेवार ढंग से गिनाया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव प्रचार में उतरने की अपील की।