दिल्ली सरकार के सीविल लाइन्स स्थित अरुणा आसफ अली अस्पताल के एक जूनियर डॉक्टर ने वरिष्ठ महिला डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जूनियर डॉक्टर ने अस्पताल के व्हाट्सएप ग्रुप पर एक मैसेज डाला, जिसमें उन्होंने लिखा है कि वह वरिष्ठ डॉक्टर की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर सकता है।
डॉक्टर का यह मैसेज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पीड़ित डॉक्टर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी शिकायत की है। अस्पताल में तैनात रेजिडेंट डॉ. अमित ने मैसैज में लिखा है कि पिछले कुछ महीनों से उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है, उन्होंने आरोप लगाया कि महिला डॉक्टर ने उन्हें छुट्टी के दिन भी अस्पताल बुलाया, जबकि उस दिन उनके पिता का श्राद्ध था।
डॉक्टर अमित ने बताया कि उनके फूफाजी की मौत होने पर भी महिला डॉक्टर ने उन्हें छुट्टी नहीं दी, जिसके चलते वह उनकी अंतिम क्रिया में शामिल नहीं हो पाए। लगातार उत्पीड़न होने के चलते वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगे हैं। पीड़ित डॉक्टर ने इस संबंध में दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सहित स्वास्थ्य सचिव को शिकायत लिखकर मदद की गुहार लगाई है।
इस मामले मेें अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक का कहना है कि अस्पताल प्रशासन ने दोनों डॉक्टरों से बात की है। सभी आरोपों की कई स्तर पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी जरूरी कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। अस्पताल के ग्रुप से यह मैसेज और वीडियो सोशल मीडिया में कैसे वायरल हुए, इसकी भी जांच की जा रही है।