मरीजों और डॉक्टरों के बीच संबंध मजबूत बनाने और सरकारी अस्पतालों का माहौल स्वस्थ बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने हैप्पीनेस थेरेपी शुरू की थी। कुछ ही समय पहले दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इस थेरेपी को स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शुरू किया था।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल के एक वार्ड में जाकर डांस भी किया था, लेकिन कुछ ही दिन में मरीजों को खुश करने वाली ये योजना बंद हो गई। अस्पताल के कर्मचारियों और डॉक्टरों ने इसका विरोध जताते हुए नाचने से साफ इंकार कर दिया।
तब से अस्पताल में हैप्पीनेस थेरेपी पर कोई काम नहीं हुआ, जबकि दिल्ली सरकार इसे बाकी अस्पतालों में भी लागू करने को कह रही थी। अब जीटीबी अस्पताल प्रशासन ने फैसला लिया है कि वह समय-समय पर बाहर से कलाकारों को बुलाकर अस्पताल में नुक्कड़ नाटक, संगीत और डांस आदि जैसे कार्यक्रम करवाएगा। इसी कड़ी में मंगलवार को नुक्कड़ नाटक हुआ।