दिल्ली के किराड़ी स्थित एक फाइनेंस ऑफिस में 8-10 हथियारबंदों के घुसपैठ करने का एक मामला प्रकाश में आया है। गौरतलब है कि बाहरी दिल्ली के किराड़ी के एक ऑफिस में बीती रात करीब आठ-दस हथियारबंद लोग घुस आए और ताबड़तोड़ चाकू मार कर एक शख्स का अपहरण करके ले गए।
शुक्रवार देर रात हुई इस घटना के पीछ RTV को लेकर चल रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है।
अमन विहार थाना पुलिस ने किडनैप हुए शख्स की तलाश के लिए अलग-अलग जगहों पर पुलिस की टीम भेज दी है।
तहस-नहस कर दिया पूरा ऑफिस
पु्लिस से मिली जानकारी के अनुसार किराड़ी इलाके में फाइनेंस का काम करने वाले बसंत कुमार और गुरदास के दफ्तर में बीती रात यह हादसा हुआ। रिवॉल्वर, चाकू और डंडों से लैस इन बदमाशों ने जबरन गुरदास का अपहरण करना चाहा।
गुरदास के पार्टनर बसंत कुमार ने जब इसका विरोध किया तो हथियारबंदों ने उसकी पीठ और सीने पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इसके साथ ही बदमाशों ने पूरे ऑफिस को डंडों से तोड़कर तहस-नहस कर दिया और गुरदास को जबरन उठा कर ले गए।
क्यों हुआ गुरदास का अपहरण
किराड़ी के इंद्र एन्क्लेव में हुई इस घटना ने शुक्रवार रात से ही पुलिस की नींद उड़ा रखी है। पुलिस की शुरूआती जांच में पता चला है कि RTV से जुड़े कई झगड़ों को लेकर कोई पुरानी रंजिश चल रही थी।
पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। हथियारबंदों में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं उनमें अमित मान, सुमित मान, कुलदी और विनोद मान प्रमुख हैं।
अपहृत गुरदास को को हमलावर कहां और क्यों ले गए इस बात का पता न परिजनों को है न पुलिस को। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरणकर्ताओं की तलाश में कई टीम रवाना की है।