नए कृषि कानून के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे किसानों की सफलता के लिए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मंगलवार को गुरुद्वारों में विशेष अरदास की गई। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि मंगलवार को सुबह 8 बजे दिल्ली के सभी ऐतिहासिक गुरुद्वारों में किसानों की सफलता के लिए विशेष अरदास की गई। किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
केंद्र सरकार किसानों की मांगों को जल्द से जल्द माने ताकि किसान खुशहाली के साथ अपने घर जा सकें। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के
महासचिव हरमीत सिंह कालका ने कहा कि दिल्ली के जिन बॉर्डरों पर किसान आंदोलन कर रहे हैं, उन सभी जगहों पर दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी किसानों और उनके परिवारों की सुविधाओं के लिए लंगर और मेडिकल सुविधाएं मुहैया करा रही है। किसान आंदोलन जारी रहने तक यह सुविधाएं चलती रहेंगी।