राजधानी दिल्ली में शनिवार को लोगों ने मध्यम श्रेणी की वायु गुणवत्ता में सांस ली। लोगों को दो दिन बाद प्रदूषित हवा से राहत मिली है। हवा की गति और दिशा बदलने से वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 193 दर्ज किया गया। इसमें 24 घंटे के भीतर 69 सूचकांक की कमी आई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषकों के फैलाव के लिए मौसम संबंधी स्थितियां बेहद प्रतिकूल होने से स्थिति बिगड़ी है।
सीपीसीबी का पूर्वानुमान है कि रविवार(आज) रात के समय कुहांसा छाया रहेगा। आसमान में हल्का स्मॉग रहेगा। ऐसे में अगले दो दिनों तक कमोबेश यही स्थिति रहने की आशंका है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार ही बना रहेगा। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक शनिवार को हवाएं पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चलीं। इस दौरान हवा की गति 10-12 किलोमीटर प्रतिघंटे से रही। इससे हल्का कोहरा रहा, जबकि शाम को हवा की चाल और कम होकर आठ किलोमीटर प्रतिघंटे रह गई।
19 इलाकों में बेहद खराब श्रेणी में रहा एक्यूआई
बवाना, मुंडका, जहांगीरपुरी सहित 19 इलाकों में एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में रहा। जबकि अशोक विहार, डीटीयू, चांदनी चौक समेत 18 इलाकों में एक्यूआई खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। मिक्सिंग डेप्थ 800 मीटर रही। वहीं, वेंटिलेशन इंडेक्स 4900 घनमीटर प्रति सेकंड रही। 24 घंटे के भीतर वेंटिलेशन इंडेक्स 1800 घनमीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है।
एनसीआर में प्रदूषित शहर का एक्यूआई
दिल्ली-193
ग्रेटर नोएडा-134
गुरुग्राम-116
नोएडा-112
गाजियाबाद-103
फरीदाबाद-----90
(
नोट: आंकड़े सीपीसीबी के मुताबिक)