- ओडीएल और ऑनलाइन मोड में यूजी, पीजी, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट की पढ़ाई
- इस सत्र से चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम चुनने की भी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के तहत जनवरी सत्र में दाखिले की घोषणा कर दी है। छात्रों को ऑनलाइन और डिस्टेंस लर्निंग मोड (ओडीएल) माध्यम से स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स में पढ़ाई का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि जनवरी सत्र से छात्रों को पारंपरिक तीन वर्षीय स्नातक डिग्री प्रोग्राम के साथ-साथ चार वर्षीय डिग्री की पढ़ाई का मौका भी मिल रहा है।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इग्नू में छात्रों को घर बैठे और नौकरी के साथ स्नातक, स्नातकोत्तर प्रोग्राम, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में पढ़ाई का मौका मिलता है। जनवरी-2024 सत्र में इच्छुक उम्मीदवार 29 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। ओडीएल प्रोग्राम में पढ़ाई के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले ignouadmission.samarth.edu.in और ऑनलाइन मोड के माध्यम से पढ़ाई के लिए उम्मीदवारों को ignouiop.samarth.edu.in पर पंजीकरण कर लॉगइन करना होगा। उम्मीदवार को आवेदन करने से पहले निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। अन्यथा आवेदन रदद हो सकता है। छात्र अधिक जानकारी के लिए sscignou.ac.in पर मेल कर सकते हैं। इसके अलावा 011-29572513 और 29572514 पर फोन करके भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।