-बारहवीं के अंकों के आधार पर जारी होने वाली कटऑफ से होंगे दाखिले
-पांच कटऑफ निकाली जाएंगी, शेड्यूल की घोषणा जल्द की जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डीयू के नॉन कॉलिजिएट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दो स्नातक प्रोग्राम (बीए प्रोग्राम व बीकॉम) की 15,200 सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन की खिड़की खुल गई है। केवल दिल्ली की छात्राएं 21 जुलाई तक इसमें आवेदन कर सकती हैं। दाखिले के लिए छात्राओं को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।
एनसीवेब ने एक जुलाई से दाखिले की रेस शुरू कर दी। पंजीकरण प्रक्रिया के लिए अनारक्षित श्रेणी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी की छात्राओं को पंजीकरण शुल्क के रूप में 250 रुपये और एससी, एसटी व पीडब्ल्यूडी छात्राओं को पंजीकरण शुल्क के रूप में 100 रुपये का भुगतान करना होगा। एनसीवेब की निदेशक प्रो. गीता भट्ट ने बताया कि यहां दाखिले बारहवीं के अंकों के आधार पर निकाली गई कटऑफ के आधार पर होंगे। दाखिले के लिए पांच कटऑफ निकाली जाएंगी। पहली कटऑफ जुलाई के अंत तक जारी होने की उम्मीद है। अभी एनसीवेब ने कटऑफ का शेड्यूल घोषित नहीं किया है।
एनसीवेब में दाखिले की इच्छुक दिल्ली की लड़कियां ही https://ncwebadmission.uod.ac.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं। एनसीवेब में दाखिले डीयू के 26 कॉलेज सेंटर पर होते हैं, जिनमें बीए व बीकॉम की पढ़ाई होती है। यहां केवल दिल्ली की उन लड़कियों को ही दाखिला मिलता है जो किसी पार्ट टाइम कोर्स व नौकरी करने के कारण रेगुलर कॉलेज में दाखिला नहीं ले पाती हैं। यहां दाखिला लेने पर डीयू की ही डिग्री मिलती है।
एनसीवेब ने छात्राओं को सलाह दी है कि वह अंतिम दिनों में आवेदन करने व आवेदन शुल्क का भुगतान करने से बचें। जैसे ही पंजीकरण हो जाए वैसे ही आवेदन शुल्क का भुगतान कर दें।