सभी लाइनों पर शनिवार से मेट्रो सेवाओं की पहले की तरह से सुबह छह बजे से शुरू हो जाएंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक डॉ. मंगू सिंह ने मेट्रो के मौजूदा परिचालन के मद्देनजर कहा कि संक्रमण काल में सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की अनिवार्यता के कारण यात्रियों की संख्या 20 फीसदी तक रह गई है। पहले एक कोच में जहां 250-300 लोग सफर करते हैं, अब केवल 50 ही यात्री सफर कर सकते हैं।
एमडी ने कहा कि मेट्रो सेवाएं तो शनिवार से सामान्य हो रही हैं, लेकिन फिलहाल सब कुछ सामान्य नहीं है। संक्रमण से सुरक्षा के लिए जरूरी एहतियातों के पालन के लिहाज से कंपनियों और दफ्तरों से स्टैगर्ड टाइमिंग (अलग-अलग) अपनाने की अपील की है। इससे कर्मियों को भी अलग अलग वक्त पर दफ्तर आने जाने की सुविधा होगी और मेट्रो में सफर के दौरान भी किसी वक्त अधिक भीड़ नहीं होगी।
डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक ने यह भी स्पष्ट किया कि दफ्तरों के टाइमिंग में बदलाव से यात्रियों को जहां बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी तो हमारा भी सहयोग होगा।
उन्होंने ब्रेक द पीक को अपनाने का सुझाव देते हुए कहा कि पीक ऑवर्स (व्यस्त समय)में यात्रा से बचें, स्टैगर्ड टाइमिंग से लोगों को अपने जरूरी कार्यों के लिए सिलसिले में गंतव्य तक पहुंचना और सुलभ होगा तो दूसरी तरफ मेट्रो की सेवाएं और बेहतर हो सकेंगी।