मेवात में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती जामिया मिल्लिया इस्लामिया के पूर्व वाइस चांसलर की हालत अभी नाजुक बनी हुई है। उन्हें जीवन रक्षक उपकरण के सहारे रखा गया है।
अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जामिया के पूर्व वीसी मुशीरुल हसन के सिर में गहरी चोट लगी है। शनिवार की रात भर्ती कराए जाने के बाद अस्पताल के न्यूरो सर्जन की टीम ने करीब चार घंटे तक उनकी सर्जरी की।
फिलहाल उनकी स्थिति ऐसी नहीं है कि वे बातचीत कर सकें। सूत्रों का कहना है कि उन्हें आईसीयू में जीवन रक्षक उपकरण के सहारे रखा गया है। रविवार को अस्पताल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। जरूरी इलाज और दवा उन्हें दी जा रही है।