प्रगति मैदान में चल रही इलेक्ट्रिक वाहन की तीन दिवसीय प्रदर्शनी ईवी एक्सपो के समापन पर वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहन प्रदूषण को खत्म करने के साथ-साथ देश को एक नई दिशा की ओर लेकर जाएगा।
यह सेक्टर देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में भी मददगार साबित होगा। अनुराग ठाकुर ने एक्सपो के आयोजक अनुज शर्मा के इन सार्थक प्रयासों की सराहना की और देश के एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए बधाई दी।
एक्सपो के अंतिम दिन लाखों कि संख्या में दर्शकों ने हिस्सा लिया और इलेक्ट्रिक वाहनों कि नई अत्याधुनिक तकनीकों के बारे में जाना। इस एक्सपो में 250 से अधिक राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय ई-वाहन कंपनियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें उन्होंने इलेक्ट्रिक व्हीकल के क्षेत्र में आने वाले बदलाव और नई-नई तकनीकों को पेश किया था।
इस तीन दिवसीय एक्सपो में कई कंपनियों ने अपने नए टू व्हीलर और थ्री व्हीलर मॉडल्स भी लांच किए। इस मौके पर आलटीएस ऑटो सलूशन ने प्रदर्शनी में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो से सम्मानित किया और अगले संस्करण में और नई तकनीकों के साथ हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया।