संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु की फांसी को शहादत बताने और जेएनयू में राष्ट्रविरोधी नारे लगाए जाने के विवाद की जांच अभी चल ही रही थी कि विश्वविद्यालय परिसर में एक बार फिर से देश विरोधी पोस्टर देखने को मिले हैं।
शुक्रवार रात जेएनयू परिसर में लगाए गए इन पोस्टरों में कश्मीर की आजादी का वर्णन किया गया है साथ ही भारत को जेल बताते हुए इन पोस्टरों को 12 मार्च तक न हटाने की अपील भी की गई है।
हालांकि, इस बार लगे पोस्टरों पर किसी संगठन या व्यक्ति का नाम नहीं लिखा गया है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने देश विरोधी पोस्टर लगाने के इस मामले में चार छात्रों से पूछताछ भी की है।
साथ ही जेएनयू में राष्ट्रविरोधी नारेबाजी के आरोपी एक अन्य छात्र आशुतोष को पुलिस ने पूछताछ के लिए आज आरके पुरम थाने बुलाया है।
मालूम हो कि जेनयू में राष्ट्रविरोधी नारे लगाने के मामले में दिल्ली पुलिस पहले ही जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार, डीएसयू नेता उमर खालिद और अनिर्बान भट्टाचार्य से पूछताछ कर रही है।