आम आदमी पार्टी के नेताओं का विवादों से पुराना नाता है। अब दिल्ली के पूर्व काननू मंत्री सोमनाथ भारती व उनकी समर्थकों के खिलाफ हौजखास थाने में एम्स अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ मारपीट, बलवा करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि सोमनाथ भारती ने जेसीबी मशीन की मदद से गौतम नगर की ओर नाले रोड पर बनी एम्स की दीवार जबरन तोड़ दी। विरोध करने पर उनके समर्थकों ने एम्स के सुरक्षा कर्मियों पर हमला कर दिया। जिसमें छह लोगों के चोट लगी।
घायलों को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा, सरकारी कर्मचारियों को चोट पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और बलवा करने का मामला दर्ज कर लिया है। हौजखास थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक एम्स के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर ने इस संबंध में शिकायत दी है। उनका कहना है कि शुक्रवार सुबह करीब 9.45 बजे सोमनाथ भारती अपने करीब 300 समर्थकों के साथ गौतम नगर नाले रोड पर पहुंच गए।