मोनाड विश्वविद्यालय के फर्जी मार्कशीट मामले में एसटीएफ और पिलखुवा पुलिस ने वांछित आरोपी राजेश निवासी मुकेश कॉलोनी बल्लभगढ़ फरीदाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने उसे फरीदाबाद से हाई स्ट्रीट 81 मॉल से गिरफ्तार किया। उसके पास से टीम ने मोनाड विश्वविद्यालय की 957 ब्लैंक मार्कशीट, 223 ब्लैंक सर्टिफिकेट और 575 ब्लैंक प्रोवेजन सर्टिफिकेट, दो प्रिंटर, कारटेज, मानोग्राम सील का एक बंडल, एक कंप्यूटर के अलावा 49 फर्जी बनी हुई मार्कशीट भी बरामद की हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि राजेश पूर्व में पकड़े गए संदीप सहरावत का साथी था और दोनों मिलकर मार्कशीट को छापने का कार्य करते थे। संदीप के पकड़े जाने के बाद राजेश फरार हो गया था। जिसके लिए एसटीएफ और पिलखुवा पुलिस की टीम तलाश में जुटी थी। सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी निशानदेही पर यह सामान बरामद कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि यह पूरा गिरोह संगठित रूप से कार्य कर रहा था। इससे जुड़े अन्य तार भी जोड़कर इनके गिरोह के दूसरे राज्यों में बैठे साथियों को भी दबोचने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि मोनाड विश्वविद्यालय में एसटीएफ की टीम ने शनिवार को छापा मारकर यहां से चेयरमैन विजेंद्र सिंह समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।