विख्यात समाजसेवी अन्ना हजारे ने अपने समर्थकों को निर्देश दिया है कि वह हरियाणा विधानसभा चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन करें। हरियाणा टीम अन्ना के सदस्य आने वाले चुनावों में उनके निर्देशों का पालन करेंगे।
हरियाणा टीम अन्ना के प्रभारी पीएल कटारिया ने बताया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने अन्ना हजारे से रालेगण सिद्धी के यादव बाबा मंदिर में मुलाकात की थी। उसी समय अन्ना ने उन्हें निर्देश दिया था कि उनकी टीम हरियाणा विधानसभा चुनावों में किसी पार्टी को समर्थन नहीं दें।
अगर उन्हें किसी को समर्थन देना ही है तो वह ईमानदार निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में ही रहें। अन्ना ने कहा कि अगर कोई ईमानदार प्रत्याशी मैदान में नहीं हो तो उनके समर्थक राजनीतिक भागदौड़ से दूर ही रहें। अन्ना ने कहा कि भारतीय संविधान में किसी राजनीतिक दल का कोई उल्लेख नहीं है।