जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गंगावास पहाड़ा गांव के पास कथित गोकशी का मामला सामने आने पर सनसनी फैल गई। सूचना पर हिंदू संगठनों के लोग पहुंचे गए। आननफानन में पुलिस ने मामले को संभाला और गड्ढा खुदवाकर पशु अवशेषों को मिट्टी में दबवा दिया। गांव के चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों को गंगावास पहाड़ा से गांव डूंगरा जाट को जाने वाले मार्ग पर एक खेत में कथित गोवंश के अवशेष मिले। कुछ ही देर में वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। सीओ अतुल कुमार चौबे, पशु चिकित्सक अंकुर चौहान पहुंच गए।
पशु चिकित्सक ने अवशेषों की जांच की और उसके बाद पुलिस ने खुदाई कराकर पशु अवशेषों को जमीन में दबवा दिया। सीओ अतुल कुमार चौबे ने बताया कि चौकीदार पुरुषोत्तम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पिछले कुछ माह में पूर्व में बुद्ध पैठ, गांव रूठा और गंगावास पहाड़ा गांव इसी तरह के कथित गोकशी के अवशेष मिल चुके हैं, जिनमें कई लोगों को पुलिस जेल भी भेज चुकी है।
दूसरी ओर, बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक प्रवीण भाटी का कहना है कि जिले भर में लगातार गोवंशों का कटान चिंताजनक है। स्याना हिंसा के बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है।