पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल बैजल को दिल्ली का उप राज्यपाल नियुक्त किया गया है जो 31 दिसंबर को अपने पद की थपथ लेंगे। बता दें कि केंद्र सरकार की सिफारिश के बाद राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को उपराज्यपाल पद पर बैजल की नियुक्ति को मंजूरी दे दी। इससे पहले राष्ट्रपति ने नजीब जंग का इस्तीफा स्वीकार कर लिया।
1969 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल बैजल अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में गृह सचिव नियुक्त किए गए थे। लेकिन नियुक्ति के करीब चार महीने बाद ही जून 2004 में आई यूपीए सरकार ने इन्हें पद से हटाकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय में भेज दिया था। इसके बाद बैजल कई मंत्रालयों में कार्यरत रहे। 70 वर्षीय बैजल फिलहाल थिंक टैंक विवेकानंद फाउंडेशन की कार्यकारी परिषद में हैं।
नरेंद्र मोदी सरकार ने इस संस्थान से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत कई अवकाश प्राप्त अधिकारियों को अहम पदों पर नियुक्त किया है। बैजल दिल्ली के 21वें उपराज्यपाल होंगे। बैजल 2006 में शहरी विकास मंत्रालय के सचिव पद से रिटायर हुए थे।