पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) सवार पुलिसकर्मियों ने सात मिनट के अंदर पहुंचकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला को अस्पताल में भर्ती कराया और उसकी जान बचा दी।
सेक्टर-81 निवासी महिला ने नया मोबाइल फोन नहीं दिलाने पर पति से नाराज होकर 15 नींद की गोलियां खाकर हाथ की नस भी काट ली थी। पति ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-81 निवासी नानू पत्नी प्रिया के साथ रहते हैं। प्रिया पिछले दो दिन से उसे नया स्मार्ट फोन दिलाने को कह रही थी। उसने प्रिया से कहा कि अभी पैसे नहीं हैं। कुछ दिन रुक जाओ, पैसे आने पर वह मोबाइल दिला देगा।
मंगलवार शाम को इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। प्रिया ने गुस्से में आकर हाथ की नस काट ली। इसके बाद कमरे में जाकर नींद की 15 गोलियां खा लीं। इस पर नानू ने तुरंत 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
पीआरवी 1848 मौके पर पहुंची। पीआरवी पर मौजूद पुलिसकर्मी राम विलास, संजीव कुमार और ब्रह्म दत्त ने कमरे का दरवाजा तोड़कर महिला को निकाला और नजदीक के अस्पताल ले गए जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मीडिया सेल के प्रभारी प्रभात दीक्षित ने बताया कि पीआरवी ने बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की तत्परता से महिला की जान बच गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।