आनंद महिंद्रा ने अपने ट्विटर अकाउंट से पोस्ट किया है कि वो मैसूरु के रहने वाले दक्षिणमूर्ति कृष्णा कुमार को महिंद्रा KUV 100 NXT कार गिफ्ट करना चाहते हैं। इसका बाद से ही देशभर में कृष्णा की चर्चा हो रही है। कोई उसे आदर्श बेटा कह रहा है तो कोई कलयुग का श्रवण कुमार। क्या आप जानते हैं आखिर कृष्णा ने ऐसा क्या किया कि आनंद महिंद्रा उनसे इतने प्रभावित हो गए?
दरअसल कृष्णा कुमार 6 जनवरी-2018 से ही मातृ सेवा संकल्प यात्रा पर निकले हैं। वो अपनी 70 वर्षीय मां को स्कूटर पर बिठाकर देश-दुनिया का सफर करा रहे हैं। एक स्कूटर के सहारे ही उन्होंने अबतक अपनी मां को 18 राज्यों के तीर्थ स्थलों के दर्शन करवा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने स्कूटर से अपनी मां को नेपाल और भूटान का सफर भी करवा चुके हैं।
मां को दर्शन करवाने के लिए कृष्णा अबतक अपने स्कूटर से करीब 48 हजार किलोमीटर तक का सफर तय कर चुके हैं। मां के प्रति कृष्णा के ऐसे अद्भुत प्रेम को देखते हुए मनोज नंदी ने ट्विटर पर उनकी कहानी साझा की, जिसे रीट्वीट करते हुए उद्योगपति आनंद महिंद्र ने लिखा कि यह कहानी न केवल मां के लिए एक बेटे के प्रेम को दर्शाती है, बल्कि एक बेटे के देशप्रेम का भी प्रतिक है।
उन्होंने मनोज नंदी को इसे शेयर करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि अगर इनसे संपर्क हो पाए तो मैं निजी रूप से इन्हें महिंद्रा KUV 100 NXT कार तोहफे में देना चाहता हूं, ताकि अगली बार कृष्णा अपनी मां को स्कूटर की जगह कार में बिठाकर यात्रा करवा पाएं।