नोटबंदी के चलते कैश की किल्लत से परेशान लोगों ने रविवार को बंद पड़े एटीएम की पूजा करके विरोध जताया। वाकया पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके का है। वहां स्टेट बैंक का एक एटीएम है। उसमेें कई दिनों से पैसा नहीं है।
इससे परेशान होकर स्थानीय निवासी सुरेंद्र भोला ने उस एटीएम की पूजा कर आरती उतारी। उनके साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुए। सुरेंद्र भोला ने बताया कि इस इलाके के एटीएम हमेशा खाली रहते है। तीन-तीन दिन बाद एटीएम में कैश डाला जाता है।
इससे लोगों को परेशानी होती है। रविवार को फिर एटीएम खाली मिला। अब एटीएम पैसे तो दे नहीं रहा तो हम अब इसकी आरती उतार रहे है। बाकी यह किसी काम का तो रहा नहीं।
नाराज स्थानीय लोगों ने एटीएम मशीन पर माला चढ़ाई। ढोल बजाकर पंडित जी को बुलाकर उसकी बाकायदा आरती भी उतारी। भगवान से प्रार्थना की जल्द से जल्द इस एटीएम से भी पैसे निकले और लोगों को कैश की किल्लत खत्म हो।