ज्वैलरी कंपनी का वरिष्ठ प्रबंधक है आरोपी, दुबई में प्लंबिंग सामान की दुकान पर कर रहा था काम
- दिल्ली पुलिस, सीबीआई और इंटरपोल के संयुक्त प्रयासों से हुई वापसी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस, इंटरपोल, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और केंद्रीय गृह एवं विदेश मंत्रालयों के संयुक्त प्रयासों के बाद दिल्ली में दुष्कर्म के एक मामले में वांछित ज्वैलरी कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत प्रत्यर्पित किया है। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि केरल के कन्नूर निवासी 38 वर्षीय आरोपी सजीर पल्ली मूप्पन उर्फ सजीर पीएम को बुधवार को दिल्ली लाया गया। यूएई के अधिकारियों ने चार नवंबर को उसे औपचारिक रूप से दिल्ली पुलिस की टीम को सौंप दिया था।
उन्होंने बताया कि मामला एक अक्तूबर 2025 का है। आरोप है कि आरोपी ने पंजाबी बाग स्थित एक लाउंज में कंपनी के एक कर्मचारी के जन्मदिन समारोह के दौरान 20 वर्षीय युवती को शराब और नशीले पदार्थों का सेवन कराया और उसका यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद वह युवती को करोल बाग इलाके के एक होटल में ले गया, जहां दो अक्तूबर की सुबह उसने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, होटल में कमरा लेते समय आरोपी ने युवती की पहचान छिपाने के लिए किसी तीसरे व्यक्ति के पहचान संबंधी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था।
घटना के बाद युवती ने सबसे पहले कंपनी प्रबंधन को इसकी जानकारी दी थी। पुलिस ने बताया कि चार अक्तूबर 2025 को कंपनी प्रबंधन ने आरोपी को कारण बताओ नोटिस जारी किया और कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम यानी पॉश कानून के तहत अपनी आंतरिक समिति के माध्यम से कार्रवाई शुरू की। हालांकि, आरोपी आंतरिक जांच में शामिल नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, युवती ने 18 दिसंबर 2025 को ईमेल के जरिये कंपनी को एक और औपचारिक शिकायत भेजी थी। इसके बाद आरोपी पांच जनवरी 2026 को भारत से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि वह दुबई में प्लंबिंग संबंधी सामान की एक दुकान में काम करने लगा था।
युवती ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत : युवती ने 18 फरवरी को दिल्ली पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद करोल बाग थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) (दुष्कर्म), 123 (अपराध करने के इरादे से जहर आदि के जरिए चोट पहुंचाना), 319 (प्रतिरूपण करके धोखाधड़ी) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच टीम ने युवती का बयान दर्ज किया, उसकी चिकित्सकीय जांच कराई और पंजाबी बाग के लाउंज तथा करोल बाग के होटल से तकनीकी एवं दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि होटल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और पहचान संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की गई। पुलिस की एक टीम आरोपी का पता लगाने के लिए केरल गई थी, लेकिन जांच में पता चला कि वह पहले ही देश छोड़ चुका है। आगे की तकनीकी जांच से पुष्टि हुई कि वह पांच जनवरी 2026 को यूएई गया था।