दिल्ली मेट्रो की सबसे व्यस्त ब्लू लाइन (द्वारका से वैशाली/नोएडा) पर मंगलवार शाम एक चील ने मेट्रो की रफ्तार रोक दी। शाम पांच बजे अचानक इंद्रप्रस्थ (आईपी) स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन थम गई।
जांच में पता चला कि ओएचई में लगा इंसुलेटर शॉट सर्किट के बाद टूट गया है, जिससे आईपी मेट्रो स्टेशन से यमुना बैंक की ओर जाने वाली लाइन पर मेट्रो आगे नहीं बढ़ सकती। पीक आवर्स होने के कारण स्टेशनों पर भीड़ बढ़ती गई। देर शाम आठ बजे इस लाइन को दोबारा चालू किया गया।
ट्रैक पर एक जगह मेट्रो ट्रेन रुकने से पूरे लाइन पर मेट्रो ट्रेन की बंचिंग शुरू हो गई। इससे मेट्रो की रफ्तार थम गई। तुरंत ही मेट्रो ने इंसुलेटर ठीक करने का काम शुरू किया। मगर इस दौरान करीब तीन घंटे तक यमुना बैंक से आईपी मेट्रो स्टेशन के बीच एक लाइन पर ही मेट्रो की सेवाएं दी गई। इससे ट्रेनों का वेटिंग टाइम बढ़ गया। पीक आवर्स होने के कारण इस लाइन के सभी स्टेशनों पर बड़ी संख्या में यात्री जमा हो गए।