दाखिला प्रक्रिया के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय आने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली मेट्रो के तीन स्टेशनों विश्वविद्यालय, जीटीबी नगर और रोहिणी ईस्ट पर बने साइकिल स्टैंड से फ्री साइकिल राइड की सुविधा मिल रही है।
हालांकि यह सुविधा मेट्रो की नहीं बल्कि यहां स्टैंड चलाने का ठेका लेने वाली कंपनी दिल्ली साइकिल प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी ओर से शुरू की है। कंपनी का कहना है कि साइकिल चलाने के प्रति युवाओं जागरूक करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
दिल्ली मेट्रो के 15 स्टेशनों पर कुल 16 साइकिल स्टैंड है। डीएमआरसी यह साइकिल स्टैंड टेंडर के जरिए अलग-अलग कंपनियों को चलाने के लिए देती है। सामान्य तौर पर साइकिल स्टैंड एक घंटे के लिए 10 रुपये का शुल्क लेती है। मगर विश्वविद्यालय, जीटीबी नगर और रोहिणी ईस्ट जहां पर कुल 140 साइकिल है वहां से छात्र स्टेशन से बाहर आकर साइकिल की फ्री राइड का मजा ले सकते है।