मिशन रफ्तार के तहत दिल्ली से लुधियाना के बीच जल्द ट्रेनें 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। इससे यात्रा के समय में आधे घंटे कम लगेंगे। इस रूट पर अभी अमृतसर शताब्दी ही ऐसी ट्रेन है जो 130 किलोमीटर की रफ्तार से चलती है।
रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की तरफ से लिंक हॉफ मैन बुश (एलएचबी) कोच वाली ट्रेनों को 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी गई है। ट्रेनों का संचालन करने वाले ऑपरेटिंग विभाग ने उन ट्रेनों की सूची भी तैयार कर ली है, जिन्हें जल्द 130 की रफ्तार से चलाया जा सके। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अंबाला व लुधियाना तक का सफर यात्री कम समय में तय कर सकेंगे। हालांकि लुधियाना से आगे ट्रेनों की रफ्तार फिलहाल नहीं बढ़ेगी।
ये भी पढ़ेंः 31 अगस्त से डासना से यूपी गेट तक खुलेगा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे, 97 प्रतिशत काम पूरा
इस रूट पर 26 जोड़ी ट्रेनों को मिलेगी रफ्तार
दिल्ली-लुधियाना रूट पर चलने वाली 26 जोड़ी एलएचबी कोच वाली ट्रेनों को रफ्तार मिलेगी। इनमें आधा दर्जन शताब्दी एक्सप्रेस, एक राजधानी, दो एक्सप्रेस और 17 सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल है। अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली ये ट्रेन 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेंगी।
इन ट्रेनों को मिलेगी रफ्तार
श्रीशक्ति एक्सप्रेस, कालका शताब्दी, अमृतसर शताब्दी, अमृतसर स्वर्ण शताब्दी, पूजा एक्सप्रेस, चंडीगढ़ शताब्दी, अमृतसर तेजस शताब्दी, अमृतसर इंटरसिटी, केरल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, जलियांवाला बाग एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस, जम्मू राजधानी, सर्वोदय एक्सप्रेस, हापा एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, जामनगर एक्सप्रेस, कोच्चिवेली अमृतसर एक्सप्रेस, शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस, जम्मू-दुर्ग सुपरफास्ट, तिरुपति हमसफर, जम्मू हमसफर, नागपुर एसी सुपरफास्ट, उधमपुर एक्सप्रेस, चंडीगढ़-बांद्रा सुपरफास्ट, कोटा-उधमपुर एक्सप्रेस।