नोएडा सेक्टर-100 स्थित ब्लू वर्ल्ड टावर में एमिटी के छात्र तेलंगाना निवासी रामराजू संदेश के हत्या के आरोप में दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
हत्यारोपी पानीपत निवासी अमन (19) और मोंटी (20) ने 5500 रुपये में हापुड़ से तमंचा खरीदा था और उसके बाद वारदात अंजाम दी। दोनों बैग में कुल्हाड़ी छुपाकर संदेश के फ्लैट में ले गए थे।
एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि एमिटी यूनिवर्सिटी के बीएसएसी मैरिन साइंस का छात्र संदेश कॉलेज हॉस्टल में रहता था। हॉस्टल में ही रहने वाला अमन वीरपाल एमिटी से बीए टूरिज्म कर रहा था।
दोनों में दोस्ती बढ़ गई और जुलाई में संदेश मधुर, नवेज सयैद के साथ ब्लू वर्ल्ड फ्लैट में किराये पर रहने लगा। डेढ़ माह पूर्व संदेश, नवेद, सयैद, मधुर और अमन फ्लैट पर ही पार्टी कर रहे थे।
इस दौरान अमन और संदेश में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। ऐसे में बात बढ़ गई और अमन उसे गालियां देते हुए चला आया। पूछताछ में अमन ने बताया कि संदेश दोस्तों के साथ मिलकर उसका मजाक उड़ाता रहता था और अक्सर छींटाकशी भी करता था।
इसी बात का बदला लेने के लिए अमन ने दोस्त मोंटी के साथ योजना बनाकर संदेश को गोली मार दी। इसके बाद दोनों ने संदेश पर कुल्हाड़ी से भी वार किया।
एक सूचना के आधार पर अमन और मोंटी को सेक्टर-39 इलाके से गिरफ्तार करके वह तमंचा बरामद कर लिया जिससे संदेश पर गोली चलाई गई थी।