- दिल्ली विवि के नॉर्थ कैंपस में चार मई को आयोजित होगा समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में संस्कृत भारती द्वारा आयोजित संस्कृत संभाषण शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शिरकत करेंगे। समापन समारोह का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित खेल परिसर में चार मई को होगा। समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल होंगी। कार्यक्रम में दस हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
संस्कृत भारती दिल्ली के प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. कृष्णमोहन पांडे के मुताबिक दिल्ली में 1,008 स्थानों पर 23 अप्रैल 2025 से संस्कृत संभाषण शिविर का आयोजन जारी है। यह शिविर तीन मई तक आयोजित होंगे। शिविर में रोजाना दो घंटे हजारों शिक्षार्थियों को 20 घंटे संस्कृत बोलने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दिल्ली प्रांत के सभी जिलों में शिविर का संचालन जारी है। उन्होंने शिविर में संस्कृत बोलने के प्रति सहभागियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। शिविर में बच्चे, बुजुर्ग, नौकरीपेशा, व्यापारी व गृहिणी हिस्सा लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आसान तरीके से विशेषज्ञों द्वारा संस्कृत सिखाई जा रही है। समापन समारोह में मुख्य वक्ता संस्कृत भारती के अखिल भारतीय संघटन मंत्री जयप्रकाश होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली संस्कृत भारती के प्रांतीय अध्यक्ष डॉक्टर वागीश बीजी करेंगे। स्वागत समिति के अध्यक्ष कुलभूषण आहूजा अतिथियों का स्वागत करेंगे। कार्यक्रम सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान कला प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा।