20 साल से दिल्ली की सत्ता से बाहर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव हर हाल में जीतने में जुटी है। प्रदेश नेतृत्व ही नहीं, केंद्रीय नेतृत्व भी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ने के मूड में है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस हफ्ते दिल्ली में दो बड़ी रैलियां रखी गई हैं। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री तो रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैली करके चुनावी बिगूल फूकेंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा आम आदमी पार्टी को शिकस्त देने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। केंद्र सरकार ने भी चुनाव के ठीक पहले अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने का कानून बनाकर साफ कर दिया है कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी तो वह केंद्र सरकार के साथ बेहतर तालमेल कर विकास करेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दिल्ली के चुनाव में कई केंद्रीय मंत्रियों को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। चुनाव प्रभारी का जिम्मा केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर के पास है तो सह प्रभारी केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी हैं। प्रदेश भाजपा के सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को रोहिणी की रैली में गृह मंत्री अमित शाह कार्यकर्ताओं को जीत का मूलमंत्र देंगे और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधेंगे।
रविवार को आयोजित धन्यवाद रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव का माहौल बनाएंगे। भाजपा ने इस रैली में डेढ़ लाख लोगों की भीड़ जुटाने की बात भी कही है। इस रैली में अनधिकृत कॉलोनियों के कुछ लोगों को पक्की रजिस्ट्री देने की भी योजना है।