फोनरवा ने फूल बरसा कर किया पुलिस अधिकारियों का स्वागत
- फोटो : लाल सिंंह
नोएडा में कोरोना के कारण लॉकडाउन है जिससे जरूरतमंद परिवारों को जीवन जीने के लिए इस संकट के समय तात्कालिक सहयोग के रूप में फोनरवा द्वारा संचालित सेक्टर-52 कार्यालय में रसोई में भोजन बनाया जाता है। फिर प्राधिकरण के द्वारा इस भोजन का वितरण किया जाता है।
इस किचन का जायजा लेने के लिए शनिवार को अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी यहां पहुंचे और रसोई का निरीक्षण किया। इस दौरान फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने उनका स्वागत किया और किचन की जानकारी दी।
रणविजय सिंह ने फोनरवा द्वारा जरूरतमंद लोगों को भोजन की व्यवस्था करने की प्रशंसा की और बधाई दी। इस अवसर पर फोनरवा टीम ने फूलों से स्वागत किया एवं धन्यवाद किया, इस संकट की घड़ी में पुलिस एवं उनकी टीम पूर्ण तत्परता से सभी का सहयोग कर रही है।
इस मौके पर महासचिव केके जैन, ओपी यादव, शिव कुमार तिवारी, सुरेश कृष्णन, टीसी गौड़, योगेश शर्मा, सुरेश चौहान, प्रदीप वोहरा, लक्ष्मी नारायण, भूषण शर्मा उपस्थित थे।