प्रदेश में कन्या भ्रूण हत्या और गिरते लिंगानुपात का मुद्दा अमेरिका तक पहुंच गया है। इस दाग को धोने में मदद के लिए अविभाजित पंजाब के जालंधर से ताल्लुक रखने वाले अमेरिकी राजदूत रिचर्ड वर्मा आगे आए हैं।
हरियाणा सरकार के कॉल फॉर एक्शन-बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे अमेरिकी राजदूत रिचर्ड वर्मा ने कहा कि उन्होंने खुद इस कार्यक्रम से जुड़ने की इच्छा जताई।
अब प्रदेश में लड़कियों की स्थिति और लिंगानुपात सुधारने की दिशा मेें वह अपने देश के राष्ट्रपति बराक ओबामा से भी बात करेंगे।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार की प्रमुख एजेंसी अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी (यूएसएआईडी) अब घर-घर तक पहुंचेगी और बेटी बचाने के लिए प्रेरित करेगी।