रबूपुरा में बुधवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। चालक और अस्पताल कर्मी ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। देखते ही देखते एंबुलेंस यमुना एक्सप्रेसवे के बीचों बीच जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था। अन्यथा जनहानि हो सकती थी।
जानकारी अनुसार रबूपुरा में संचालित एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस बुधवार की शाम जेवर के कैलाश अस्पताल में मरीज को भर्ती कराने के लिए गई थी। वहां से लौटते समय यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट से 25 किलोमीटर की दूरी पर शार्ट सर्किट के चलते एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते एंबुलेंस धू-धू कर जलने लगी। गाड़ी में मौजूद चालक और अस्पताल कर्मी ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई। अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक एंबुलेंस पूरी तरह जलकर राख हो गई।