अमर उजाला ने अपने पंजीकृत विक्रेताओं के लिए दो योजनाएं लांच की हैं। पहली अखबार वितरकों के बच्चों के लिए हमराही छात्रवृत्ति योजना है। दूसरी योजना में वितरकों के माता-पिता को हमराही तीर्थ यात्रा करानी है। बुधवार को सवेरे अमर उजाला प्रबंधन द्वारा अखबार वितरण केंद्र पर वितरकों को मिठाई खिलाकर योजना के बारे में जानकारी दी गई।
छात्रवृत्ति योजना में वितरकों के बच्चों के लिए 10वीं व 12वीं परीक्षा(सभी बोर्ड मान्य) में 50 फीसदी से अधिक अंक होने चाहिए। चुने हुए टॉप 50 छात्रों को 10-10 हजार रुपये की नकद राशि दी जाएगी।
छात्रवृत्ति पाने के लिए छात्रों को प्रवेश परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में ज्यादातर सवाल अमर उजाला न्यूज पेपर से ही पूछे जाएंगे। परीक्षा में कुल 50 छात्रों को सलेक्ट किया जाएगा।
परीक्षा में शामिल होने के लिए फार्म अमर उजाला दफ्तर से लेकर भरकर मार्कशीट की फोटोकॉपी सहित जमा कराना होगा। जो बच्चे सलेक्ट होंगे, उन्हें छात्रवृत्ति लेने के बाद मार्कशीट की मूल प्रति साथ लानी होगी।
इसी तरह अमर उजाला हमराही तीर्थ यात्रा योजना लांच की गई है। यह सभी प्रकाशन केंद्रों के पंजीकृत विक्रेताओं के माता-पिता के लिए है। तीर्थ यात्रा पर भेजने के वक्त उनके साथ एक सहयोगी भी होगा।
इसके लिए भी फार्म अमर उजाला दफ्तर से लेकर भरकर जमा करना होगा। इस योजना के तहत साल में दो बार 25-25 विक्रेताओं (ग्रुप लेवल पर) के माता-पिता व सहयोगी तीर्थ स्थान की यात्रा कर सकेंगे। तीर्थ यात्रा पर जाने के लिए माता-पिता व सहयोगी का चयन लकी ड्रा से निकाला जाएगा।