कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते लॉकडाउन की मार झेल रहे लोगों की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन विभिन्न संस्थाओं और समाजसेवियों के जरिये लगातार कार्य कर रहा है। फाउंडेशन के नेतृत्व में बुधवार को भी विभिन्न शहरों में जरूरतमंदों को भोजन, राशन के साथ ही अन्य जरूरत की चीजें-जैसे मास्क, सैनिटाइजर आदि का वितरण किया गया।
लखनऊ में अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा व्यापारियों व विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भोजन के पैकेटों का वितरण किया। इन्हें गोमती नगर के खरगापुर, रामआसरे का पुरवा, छोटी और बड़ी जुगौली, पिपरीखेड़ा गांव वृन्दावन सेक्टर-18 आदि क्षेत्रों में बांटा गया।
मेरठ में छावनी रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पवन गर्ग ने बताया कि बुधवार को टीम ने काशी, परतापुर, सदर में खाद्य सामग्री वितरित की। उधर, जन कल्याण वेलफेयर सोसाइटी ने भी शहर के विभिन्न स्थानों पर परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित की।
शामली में फाउंडेशन के साथ मां सावित्री हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने मोहल्ला दयानंद नगर में गरीब परिवारों को राशन वितरण किया। गाजियाबाद में भी सहयोगी संस्थाओं महाराज अग्रसेन रसोई, बिल्डर एसोसिएशन और सैनिक संस्था की यूथ विंग ने भोजन के पैकेट और राशन बांटे।
कानपुर व उन्नाव में फाउंडेशन की ओर से चल रही भरपेट भोजन मुहिम के अंतर्गत बुधवार को हजारों जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया गया। इटावा में आलोक मेमोरियल फाउंडेशन ने शहर में विभिन्न जगहों पर गरीबों को राशन बांटे। झांसी में विभिन्न संगठनों ने शहर के कई मोहल्लों में जाकर जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री के अलावा सैनिटाइजर व मास्कों का वितरण किया गया।
महेंद्रगढ़ में श्री श्याम परिवार सेवा समिति ने महेंद्रगढ़ शहर व कनीना में भोजन के पैकेट वितरित किए। रेवाड़ी जिले में शहर की सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर फाउंडेशन विभिन्न क्षेत्रों में भोजन के पैकेट वितरित किए। भिवानी, झज्जर और सोनीपत में भी विभिन्न संगठनों की मदद से जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट व अन्य जरूरी सामग्री बांटी गई।