किरायेदारों और पलायन कर चुके मतदाताओं की तलाश बनी मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) पर बनाए जा रहे दबाव को लेकर हरियाणा अध्यापक संघ ने सोमवार को जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि एसआईआर प्रकिया संबंधी कार्यों के लिए निर्धारित समय बहुत कम है, जबकि कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियां अत्यधिक हैं। ऐसे में अधिकारियों द्वारा लगातार कार्य शीघ्र पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे बीएलओ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीएलओ ने बताया कि मतदाता सत्यापन कार्य में सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी कॉलोनियों में आ रही है। विशेष रूप से शमशाबाद, राजीव नगर, कैलाश नगर, इस्लामाबाद और अंबेडकर कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में मतदाताओं की पहचान करना बड़ी चुनौती बना हुआ है। कई लोग किराये के मकानों में रहते हैं या अपना निवास स्थान बदल चुके हैं, जबकि मतदाता सूची में पुराने पते दर्ज हैं। इसके कारण संबंधित मतदाताओं तक पहुंचना और उनका सत्यापन करना काफी कठिन हो रहा है।
बीएलओ ने कहा कि उन्हें एसआईआर प्रकिया का कार्य करने में किसी प्रकार की आपत्ति या परेशानी नहीं है और वे अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों द्वारा बनाए जा रहे अत्यधिक दबाव के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर कई व्यावहारिक चुनौतियां हैं, जिन्हें देखते हुए कार्य के लिए पर्याप्त समय और सहयोग मिलना चाहिए।
बीएलओ से बातचित
रविवार को लगभग 750 फार्म प्राप्त हुए थे। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों द्वारा इन फार्मों का सत्यापन और प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उनेक अनुसार उनका कार्यक्षेत्र काफी बड़ा है और कई परिवारों का पता लगाना तथा उनसे संपर्क स्थापित करना आसान नहीं है।-
बीएलओ रमेश चंद बूथ संख्या-125 पर कार्यरत
एसआईआर अभियान के दौरान मतदाता सत्यापन में काफी परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची क्षेत्र के अनुसार अपडेट नहीं है। कई मतदाता पहले किराये पर रहते थे, लेकिन अब मकान बदल चुके हैं, जिससे उन्हें ढूंढना मुश्किल हो रहा है।-
बीएलओ श्यामवीर बूथ संख्या-123 पर कार्यरत
मतदाता सूची में कई मतदाता क्रमवार नहीं हैं, जिससे सत्यापन कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न राज्यों से काम की तलाश में शहर आए लोगों ने यहां अपने वोट बनवा लिए थे, लेकिन अब उनमें से कई लोग शहर छोड़कर जा चुके हैं। ऐसे मतदाताओं का वर्तमान पता लगाना और उनका सत्यापन करना काफी मुश्किल हो रहा है।-
बीएलओ महेश चंद बूथ संख्या-119 पर कार्यरत
अधिकांश कामकाजी लोग दिनभर घर से बाहर रहते हैं, जिससे उनसे संपर्क नहीं हो पाता। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों और कॉलोनियों में लोगों को प्रक्रिया समझाने में भी काफी समय लगता है। इन चुनौतियों के बावजूद अधिकारियों द्वारा कार्य जल्द पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
- बीएलओ नरेश,बूथ संख्या-124 पर कार्यरत