छात्रा ने कुलपति से की शिकायत, हंसराज कॉलेज की प्राचार्य को निदेशक का अतिरिक्त प्रभार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म की एक छात्रा द्वारा संस्थान के विशेष अधिकारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने का मामला सामने आया है। छात्रा की ओर से इस संबंध में ईमेल के माध्यम से कुलपति प्रो. योगेश सिंह से शिकायत की है और ओएसडी को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। डीयू प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है, जो पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट कुलपति को देगी।
छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि ओएसडी छात्राओं के कपड़ों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। इसके अलावा छात्रा ने बॉडी शेमिंग और जातिगत आधार पर अंक देने में भेदभाव के भी आरोप लगाए हैं। हालांकि ओएसडी ने इन आरोपों को निराधार कहा है। कहना है कि अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्ती करने के कारण कुछ छात्र बाहरी लोगों के बहकावे में आकर निराधार आरोप लगा रहे हैं।
वर्ष 2017 में स्थापित दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म शुरुआत से ही बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण चर्चा में बना रहता है। छात्र कक्षाओं, मीडिया लैब, कंप्यूटर पुस्तकालय और शिक्षकों की कमी को लेकर सवाल उठाते आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को हंसराज कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रमा को दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।