कोहरे के दौरान निरस्त हुई ट्रेनें अब तक ट्रैक पर नहीं उतर पाई हैं। यात्रियों को इनमें यात्रा करने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। ये 30 अप्रैल के बाद ही पटरी पर दौड़ेंगी। लोकल ट्रेनों के निरस्त होने से दिल्ली और आसपास के इलाकों के यात्री लगातार परेशान हो रहे हैं।
रेलवे समर स्पेशल ट्रेनें चलाकर यात्रियों की राह तो आसान कर रहा है, लेकिन निरस्त ट्रेनों के पटरी पर नहीं लौटने से परेशानी बढ़ी हुई है। उत्तर रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी कर कहा है कि पूर्व में निरस्त ट्रेनें 30 अप्रैल तक निरस्त रहेंगी। उल्लेखनीय है कि कोहरे का हवाला देते हुए पिछले साल 15 दिसंबर से 15 फरवरी 2019 तक कई एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों को रेलवे ने निरस्त किया था।
बाद में ये ट्रेनें 31 मार्च तक के लिए निरस्त कर दी गईं। 1 अप्रैल को कुछ ट्रेनें तो बहाल हुईं, लेकिन कई को 15 अप्रैल तक निरस्त रखने का निर्णय ले लिया गया। एक बार फिर इसकी अवधि बढ़ा दी गई है। अब 30 अप्रैल तक 51915/16 फर्रुखनगर-दिल्ली पैसेंजर, 64913/16 रोेहतक-दिल्ली, 64090 रिंग रेलवे सर्कुलर ईएमयू, 64034/36 गाजियाबाद-शकूरबस्ती ईएमयू, 64087 निजामुद्दीन-नई दिल्ली ईएमयू, 64097 नई दिल्ली-शकूरबस्ती ईएमयू, 64092 रिंग रेलवे सर्कुलर ईएमयू, 64093 निजामुद्दीन-शकूरबस्ती ईएमयू, 64096 शकूरबस्ती-निजामुद्दीन ईएमयू, 64555/56 आनंद विहार-मेरठ मेमू, 64553/54 आनंद विहार-मुरादाबाद मेमू, 64091 रिंग रेलवे सर्कुलर ईएमयू, 64098 शकूरबस्ती-निजामुद्दीन ईएमयू समेत कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी।